BBU का 29 को 11वां दीक्षांत समारोह, राजनाथ होंगे मुख्य अतिथि

दीक्षांत विद्यार्थियों के जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत का है प्रतीक:कुलपति राजकुमार मित्तल
विवि के अटल बिहारी बाजपेयी सभागार में होगा मुख्य समारोह,दो चरण में होगा समारोह
यूजी व पीजी के 17 मेधावी/विवि टॉपर,1 डीएससी और 4 आरडी. सोनकर अवार्ड पाने होने वाले विद्यार्थी होंगे शामिल
शैक्षणिक वर्ष 2023, 2024, 2025 एवं 2026 और बैकलॉग के तहत कुल 8551 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां

न्यूज़म ब्यूरो

लखनऊ, 26 अगस्त। बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू)का 11वां दीक्षांत समारोह 29 अगस्त को होगा। इसमें लखनऊ के सांसद और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। पूरा दीक्षांत समारोह दो चरण में होगा। बीबीएयू के कुलपति राजकुमार मित्तल ने बताया कि इस दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक वर्ष 2023, 2024, 2025 एवं 2026 के पात्र एवं पंजीकृत विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों के अंतर्गत उपाधियां प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहाकि यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और उनकी मेहनत का सम्मान करने के साथ-साथ उन्हें अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रो. मित्तल ने बताया कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं अभ्यर्थियों की सहभागिता को देखते हुए उपाधि वितरण कार्यक्रम को दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। समारोह का पहला चरण भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी ऑडिटोरियम में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। इसमें प्रथम चरण में पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं स्वर्ण पदक विजेताओं सहित अन्य प्रमुख श्रेणियों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण दोपहर 2 बजे से विद्यार्थियों के संबंधित विभागों में आयोजित किया जाएगा। कुलपति प्रो. मित्तल ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्रदान करने का अवसर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है।

उन्होंने सभी उपाधिधारकों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय से प्राप्त ज्ञान, संस्कार एवं मूल्यों को समाज और राष्ट्र के विकास में उपयोग करना प्रत्येक विद्यार्थी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि समारोह को व्यवस्थित, सुचारु एवं भव्य ढंग से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं तथा विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. विक्रम सिंह यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह के प्रथम चरण में कुल 22 मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य मंच से उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर के 17 मेधावी/विवि टॉपर, 1 डीएससी और 4 आरडी. सोनकर अवार्ड से सम्मानित होने वाले विद्यार्थी शामिल हैं।

Advertisement

मुख्य समारोह के दौरान मंच से केवल उन्हीं विद्यार्थियों को उपाधि अथवा पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, जिन्हें इसके लिए विशेष रूप से चयनित एवं चिह्नित किया गया है। उन्होंने कहा कि बीबीएयू के 11वें दीक्षांत में शैक्षणिक वर्ष 2023, 2024, 2025 एवं 2026 और बैकलॉग के अंतर्गत कुल 8551 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके अतिरिक्त बैकलॉग के अंतर्गत 19 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें सर्वाधिक 4662 विद्यार्थी स्नातकोत्तर कार्यक्रम के हैं, जबकि 2771 विद्यार्थी स्नातक कार्यक्रम के हैं। पत्रकार वार्ता में डीन ऑफ अकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. विक्रम सिंह यादव और जनसंपर्क अधिकारी प्रो. रचना गंगवार मंच पर मौजूद थे।

27 और 28 अगस्त को होगा पूर्वाभ्यास
इसके अतिरिक्त दीक्षांत समारोह के सफल संचालन एवं विद्यार्थियों को कार्यक्रम की प्रक्रिया से परिचित कराने के उद्देश्य से 27 अगस्त को दो चरणों में पूर्वाभ्यास आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण का पूर्वाभ्यास प्रात: 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और द्वितीय चरण का पूर्वाभ्यास दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त, 28 अगस्त को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक फुल-ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा। दीक्षांत समारोह की गरिमा एवं एकरूपता को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के लिए विवि द्वारा विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। इसके अनुसार छात्रों के लिए क्रीम (व्हाइटिश) रंग का कुर्ता-पायजामा निर्धारित किया गया है। वहीं छात्राओं के लिए क्रीम (व्हाइटिश) रंग की कुर्ती-सलवार/चूड़ीदार अथवा साड़ी निर्धारित की गई है। समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए बीबीएयू की ओर से अंगवस्त्रम उपलब्ध कराया जाएगा। अंगवस्त्रम का वितरण 27 एवं 28 अगस्त को किया जाएगा।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh