राहुल गुप्ता
फरीदाबाद, 28 सितंबर। दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में 250 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिरी 3 साल की बच्ची नेहा की मौत हो गई। बच्ची को बचाने के लिए करीब 10 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सोमवार सुबह करीब 4 बजे उसे बोरवेल से बाहर निकाला गया, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं थी। बच्ची को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अब शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
रविवार शाम बोरवेल में गिरी थी बच्ची
हादसा रविवार शाम करीब 7 बजे फरीदाबाद के सीही गांव में हुआ। बताया गया कि बच्ची ट्रैक्टर पर खेल रही थी, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह खुले बोरवेल में जा गिरी। घटना की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
अंधेरा होने के कारण बोरवेल के आसपास रोशनी की व्यवस्था की गई और अंदर की स्थिति देखने के लिए कैमरा भी भेजा गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बच्ची के रोने की आवाज सुनाई देने की बात भी सामने आई थी।
करीब 15 साल से बंद था बोरवेल
जानकारी के मुताबिक, सीही गांव में नगर निगम की जमीन पर मौजूद यह बोरवेल करीब 15 साल से बंद पड़ा था। बच्ची के पिता रामदीन के अनुसार, कुछ दिन पहले ही बोरवेल का ढक्कन हट गया था, जिसके बाद वह खुला रह गया।
हादसे के समय रामदीन काम पर गए हुए थे। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई। रामदीन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के रहने वाले हैं और कई वर्षों से सीही गांव में परिवार के साथ रहकर मजदूरी करते हैं।
रेस्क्यू टीमों की करीब 10 घंटे की कोशिश के बाद बच्ची को सोमवार सुबह बोरवेल से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।