संत रविदास जी के सम्मान में बदलेगा भदोही का नाम : सुरेश खन्ना

योगी कैबिनेट का फैसला 

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान को सम्मान देने के लिए निर्णय

नए नाम ‘संत रविदास नगर भदोही’ में संत शिरोमणि और भदोही दोनों की पहचान रहेगी

राहुल भटनागर 

लखनऊ, 9 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को कैबिनेट बैठक में जनपद भदोही का नाम परिवर्तित कर ‘संत रविदासनगर भदोही’ किए जाने का निर्णय लिया गया। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से यह फैसला किया गया है। हाल में मुख्यमंत्री ने भदोही में जनपद का नाम संत रविदासनगर जी के नाम पर रखने का एलान किया था, जिसे कैबिनेट के माध्यम से अमली जामा पहनाया गया है।

Advertisement

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि भारतीय संत परंपरा के प्रमुख संत एवं समाज सुधारक गुरु रविदास जी की स्मृति और सम्मान में जनपद का नाम बदलकर संत रविदासनगर भदोही रखा जाएगा। सरकार का मानना है कि इस नाम परिवर्तन से जिले की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं ऐतिहासिक पहचान को अभिव्यक्ति मिलेगी। पहले भी जनपद भदोही का नाम संत रविदासनगर भदोही किए जाने का प्रयास किया गया था, लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार ने इसे बदल दिया था। नए नाम में संत रविदास जी का नाम भी रहेगा और भदोही की पहचान भी बरकरार रहेगी।

राजस्व संहिता के तहत निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप है निर्णय
वित्त मंत्री ने कहा कि नाम परिवर्तन की प्रक्रिया उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता के तहत निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप है। इस धारा के अंतर्गत राज्य सरकार को अधिसूचना जारी कर राजस्व क्षेत्रों की सीमाओं में परिवर्तन करने और उनका नामकरण करने का अधिकार प्राप्त है। इसके साथ ही प्रस्ताव भारत सरकार के 11 सितंबर 1953 के परिपत्र में उल्लिखित प्रावधानों के अनुरूप भी है। कैबिनेट के इस निर्णय के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत जनपद के नाम परिवर्तन की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh