नौकरी का झांसा देकर 50 हजार में बेचा मजदूर, शिवसेना नेता की पहल से बचा पीड़ित

राहुल गुप्ता

मुंबई, 2 नवंबर। रोजगार की तलाश में कानपुर से निकले एक मजदूर को नौकरी दिलाने का झांसा देकर कथित तौर पर मानव तस्करी का शिकार बना लिया गया। आरोप है कि पुणे रेलवे स्टेशन पर एक दलाल ने काम दिलाने के बहाने उसे अपने जाल में फंसाया और बाद में बीड जिले के वाडवणी तालुका में 50 हजार रुपये में बेच दिया। हालांकि, शिवसेना नेता आशीष दुबे की पहल और स्थानीय पुलिस के सहयोग से पीड़ित को मुक्त करा लिया गया है।

पीड़ित शिवकांत उपाध्याय के अनुसार, पुणे पहुंचने पर बच्चू केदारे नामक व्यक्ति ने उन्हें नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बाद उन्हें बीड जिले के वाडवणी क्षेत्र में ले जाकर कथित तौर पर एक व्यक्ति के यहां बंधक बना लिया गया। पीड़ित का आरोप है कि वहां उनसे गन्ने के खेतों में दिन-रात जबरन मजदूरी कराई जाती थी। उन्हें पर्याप्त भोजन और पानी भी नहीं दिया जाता था। विरोध करने या भागने की कोशिश करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। पीड़ित ने वहां अमानवीय व्यवहार और यातनाएं झेलने की बात भी बताई है।

मामले की जानकारी कानपुर में तैनात सब-इंस्पेक्टर विनय तिवारी के माध्यम से शिवसेना नेता आशीष दुबे तक पहुंची। विनय तिवारी पीड़ित के भांजे बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही आशीष दुबे ने पहल करते हुए वाडवणी में स्थानीय स्तर पर संपर्क किया। इसके बाद तालुका प्रमुख मारुति धोंडे, सामाजिक कार्यकर्ता विपुल पिंगले और वाडवणी पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक वर्षा वागड़े के सहयोग से पीड़ित को मुक्त कराने की कार्रवाई की गई।

मुक्ति के बाद पीड़ित को सुरक्षित नाशिक रोड रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया, जहां से वह कानपुर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान राकेश दुबे ने भी उसे उसके मूल निवास तक सुरक्षित पहुंचाने में सहयोग किया। इस पहल से लंबे समय से कथित बंधुआ मजदूरी और प्रताड़ना झेल रहे शिवकांत को राहत मिली है। मामला रोजगार के नाम पर होने वाली मानव तस्करी और मजदूरों के शोषण के प्रति सतर्क रहने की जरूरत को भी सामने लाता है।

Advertisement

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh