स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्री जिंदा जले

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए व घायलों को 50-50 हजार रुपए को आर्थिक मदद का किया ऐलान

न्यूज़म ब्यूरो 

ग्रेटर नोएडा, 23 सितंबर। यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर एयरपोर्ट के पास बुधवार देर रात चलती स्लीपर एसी बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला समेत नौ यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बस में करीब 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बस से छलांग लगाकर जान बचाई।

जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 12 बजे जेवर एयरपोर्ट से करीब दो किलोमीटर दूर हुआ। बस महोबा जा रही थी। एक्सप्रेस-वे पर चलते समय अचानक बस में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर यात्रियों में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई।

कई यात्रियों ने समय रहते खिड़कियां तोड़कर बाहर छलांग लगा दी। हालांकि, कुछ यात्री आग में फंस गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार, मृतकों में एक महिला और आठ पुरुष शामिल हैं।

Advertisement

हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। बस में सवार अन्य यात्रियों की स्थिति और घायलों की संख्या की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए सड़क हादसे का लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करवाने हेतु निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने हेतु निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।।

इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा बस हादसे पर सीएम योगी ने मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए व घायलों को 50-50 हजार रुपए को आर्थिक मदद का सीएम ने ऐलान किया है। बता दें कि बस हादसे में 30 लोगों को पुलिस व बचाव दल ने सुरक्षित बचाया है।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh