न्यूज़म ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों, विशेषकर मातृशक्ति को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में महाना ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों की समृद्ध परंपरा का प्रतीक पर्व है। यह पर्व भाई-बहन के बीच प्रेम, स्नेह, विश्वास और परस्पर सम्मान के अटूट संबंध को और मजबूत करता है। राखी का धागा केवल भाई की कलाई पर बंधने वाला सूत्र नहीं, बल्कि जीवनभर एक-दूसरे के सुख-दुःख में साथ खड़े रहने, सहयोग करने और परिवार की गरिमा एवं मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प भी है।
विधानसभा अध्यक्ष महाना ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी के सम्मान और उसकी सुरक्षा को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। रक्षाबंधन हमें यह संकल्प लेने की प्रेरणा देता है कि समाज में प्रत्येक बहन और बेटी को सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए हम सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। रक्षाबंधन का यह पर्व इन प्रयासों को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
महाना ने कामना की कि यह पावन पर्व सभी परिवारों में प्रेम, सौहार्द, खुशहाली और समृद्धि लेकर आए तथा भाई-बहन के रिश्तों की आत्मीयता और प्रगाढ़ हो। उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्व को आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने का आह्वान किया।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।