दामाद से शादी करने वाली सास सपना देवी इस बार पति के बहनोई संग हुई फरार

न्यूज़म ब्यूरो 

अलीगढ़। रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। सास–दामाद जैसे पवित्र रिश्ते को कलंकित कर चुकी सपना देवी एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वह अपने ही पति के बहनोई के साथ घर से फरार हो गई है। आरोप है कि जाते-जाते वह करीब दो लाख रुपये के जेवरात भी साथ ले गई।

 

यह वही सपना देवी हैं, जिनके प्यार में करीब 10 महीने पहले दादों थाना क्षेत्र के गांव मछरिया नगला निवासी राहुल ने अपना घर, परिवार और होने वाली पत्नी तक को छोड़ दिया था। उस समय यह मामला पूरे प्रदेश में सुर्खियों में रहा था। समाज की तमाम आलोचनाओं के बावजूद तब राहुल ने सपना देवी से शादी कर ली थी।

 

Advertisement

अब इस रिश्ते की सच्चाई एक बार फिर सामने आ गई है। राहुल के अनुसार, सपना देवी का उसके बहनोई से संपर्क बढ़ा, जो बिहार के एक जिले में कपड़ों का कारोबार करता है। इसी आना-जाना के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मौका मिलते ही सपना देवी एक बार फिर घर छोड़कर फरार हो गई।

 

पीड़ित दामाद राहुल ने दादों थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए सास पर दो लाख रुपये के गहने लेकर भागने का आरोप लगाया है। राहुल का कहना है कि अचानक सास के गायब होने से वह मानसिक रूप से टूट चुका है और परिवार में अफरा-तफरी का माहौल है।

 

सपना देवी की यह हरकत न सिर्फ राहुल के साथ विश्वासघात है, बल्कि समाज की नजर में रिश्तों की गरिमा को भी ठेस पहुंचाने वाली है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग सपना देवी के चरित्र व व्यवहार की खुलकर आलोचना कर रहे हैं।

 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन बार-बार रिश्तों को तोड़ने और सामाजिक मर्यादाओं को रौंदने वाली सपना देवी की यह कहानी लोगों के लिए चेतावनी बनकर सामने आई है कि गलत रिश्तों की नींव पर खड़ा किया गया रिश्ता आखिरकार किस तरह से बिखर ही जाता है।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh