देवरिया में आधी रात दो दर्दनाक वारदातें, कहीं आग में जिंदा जले तीन लोग तो कहीं दो भाइयों की हत्या

नोनापार गांव में झोपड़ी में आग लगने से पिता, तीन साल की बेटी और भाई की मौत, पत्नी गंभीर रूप से झुलसी; दशहरा मेला देखकर लौट रहे दो चचेरे भाइयों पर चाकू से हमला।

राहुल गुप्ता

देवरिया, 21 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में मंगलवार आधी रात दो दर्दनाक घटनाओं से हड़कंप मच गया। भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में झोपड़ी में आग लगने से पिता, उसकी तीन साल की बेटी और भाई की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं, मईल थाना क्षेत्र में दशहरा मेला देखकर बाइक से लौट रहे दो चचेरे भाइयों की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

झोपड़ी में सो रहे परिवार पर टूटा आग का कहर

पहली घटना भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव की है। यहां लालचंद के 32 वर्षीय बेटे जितेंद्र प्रसाद की झोपड़ी में देर रात अचानक आग लग गई। उस समय जितेंद्र, उसका भाई बालकिशन, तीन साल की बेटी शनि और पत्नी लीला झोपड़ी में सो रहे थे। आग तेजी से फैलने के कारण चारों उसकी चपेट में आ गए।

Advertisement

आग देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बुझाने की कोशिश की। साथ ही अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। आग पर काबू पाने के बाद चारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), भटनी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जितेंद्र, उसकी बेटी शनि और भाई बालकिशन को मृत घोषित कर दिया।

इस घटना में लीला गंभीर रूप से झुलस गई हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। झोपड़ी में आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।

दशहरा मेला देखकर लौट रहे दो चचेरे भाइयों की हत्या

दूसरी घटना मईल थाना क्षेत्र में रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, करजहां निवासी वकील यादव और ईटहुरा हजाम टोला निवासी विनय यादव बाइक से दशहरा मेला देखने गए थे।

देर रात घर लौटते समय अज्ञात हमलावरों ने दोनों को रास्ते में रोक लिया और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल के पास उनकी बाइक सड़क किनारे मिली।

दोनों हत्याओं के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों को लेकर आगे की जानकारी सामने आना बाकी है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh